डभरा में मौत बनकर दौड़ा ट्रेलर! ओजस हॉस्पिटल के बाहर खड़ी गाड़ियों को मारी जोरदार टक्कर — परिजन बाल-बाल बचे, ड्राइवर फरार

लोकेशन — सक्ती जिला, डभरा
दिनांक — 24/11/2025
रिपोर्टर — लाला उपाध्याय
सक्ति जिले के नगर पंचायत डभरा में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब ओजस हॉस्पिटल के बाहर खड़ी गाड़ियों को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि जिस वक्त ट्रेलर अनियंत्रित होकर अस्पताल गेट की ओर बढ़ा, उसी क्षण वहां खड़े लोग खतरा भांपकर दूर हट गए और उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घोघरी की ओर से आ रहा ट्रेलर तेज रफ्तार में था। हॉस्पिटल के सामने पहुंचते ही चालक स्टियरिंग पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे सड़क किनारे खड़ी वेगनार कार, एक बाइक, एम्बुलेंस तथा बिजली के खंबे से जा टकराया। भीषण टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि खंभा टूटकर सड़क पर गिर पड़ा।


हादसे के समय वेगनार कार के पास मरीज और उसके परिजन खड़े थे। अचानक तेज रफ्तार से आते ट्रेलर को देखकर परिजन में भगदड़ मच गई। लोग किसी तरह दौड़कर खुद को सुरक्षित स्थान पर ले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंद सेकंड की देरी होती तो कई जानें जा सकती थीं।
टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा घुसा। घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हैं।
सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन व ट्रेलर को जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के सामने आए दिन भारी वाहनों की तेज रफ्तार की समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग भी की है।




