कोरबा सीमा के पतुरियादांड जंगल से कोयले से भरा ट्रक जब्त , वन विभाग और पुलिस ने की संयुक्त कार्यवाही

कोरबा
जिले से सटे मोरगा-सरगुजा सीमा पर पतुरियादांड जंगल में अवैध कोयला खनन का मामला सामने आया है। कोयला खुदाई कर कोयला लोड कर ट्रक ले जाने की कोशिश की गयी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में यह प्रयास विफल कर दिया गया। इस दौरान कोयले से भरा एक ट्रक जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार कुछ कोयला तस्कर पतुरियादांड जंगल में पहुंचे और अवैध रूप से कोयले की खुदाई करने लगे। उन्होंने खुदाई किए गए कोयले को एक ट्रक में लोड कर लिया और भागने की कोशिश की। ग्रामीणों को इसकी भनक लगते ही उन्होंने तुरंत वन विभाग की टीम को सूचना दी।
सूचना मिलने पर ग्रामीण और वनकर्मी जंगल की ओर तस्करों को पकड़ने के लिए रवाना हुए। तस्करों को देखकर वे ट्रक लेकर भागने लगे। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और मोरगा चौकी पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी देर पीछा करने के बाद ट्रक को रोक लिया।
बताया जा रहा हैं की जब्त ट्रक में भारी मात्रा में कोयला भरा हुआ था।
ट्रक में चालक और एक सहचालक मौजूद थे, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम के साथ रवाना हुए और वाहन को पकड़ा गया, जिसे बाद में वन विभाग के हवाले कर दिया गया है। कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंजर अभिषेक दुबे ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पतुरियादांड में सूचना पर कार्यवाही कर ट्रक को पकड़ा गया। चालक और सहचालक से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि इस अवैध खनन में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे, जो ग्रामीणों की भनक लगने पर मौके से फरार हो गए।




