जशपुर में दंतेल हाथी का हमला—60 वर्षीय महिला गंभीर, वन विभाग अलर्ट मोड पर

जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक जंगली दंतेल हाथी ने 60 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। सुखरापारा गांव में सुबह की यह घटना उस समय हुई जब महिला तालाब में पाली गई मछलियों को देखने गई थीं। हमला इतना तेज था कि महिला की जान बाल-बाल बची, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के अनुसार, कमला बाई रोज की तरह तालाब के किनारे थीं, तभी अचानक जंगल से निकला एक दंतेल हाथी उन पर टूट पड़ा। हाथी ने महिला को सूंड से उठाकर जोर से जमीन पर पटका, जिससे उनका हाथ टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। हमला जारी रहता, लेकिन महिला पास बने एक गड्ढे में गिर गईं, जिससे हाथी आगे हमला नहीं कर सका।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को 108 एम्बुलेंस की मदद से पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और खतरे से बाहर बताया। वन विभाग ने त्वरित राहत राशि भी उनके परिवार को सौंपी है।



वन विभाग के एसडीओ के.एस. कंवर ने बताया कि यह दंतेल हाथी कापू वन परिक्षेत्र से भटककर सुखरापारा इलाके में पहुंचा था और अब वह बालाझर – चिमटापानी जंगल की ओर बढ़ गया है। उसकी मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और निगरानी टीमें तैनात कर दी गई हैं।
उन्होंने आसपास के गांवों के निवासियों से अपील की है कि वे जंगल की ओर अनावश्यक आवाजाही से बचें, समूह में रहें और किसी भी प्रकार की गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें, ताकि जनहानि को रोका जा सके।




