छपर तोड़कर कपड़ा दुकान में चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- जांजगीर-चांपा (बलौदा)
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में छपर तोड़कर कपड़ा दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए शर्ट और नगद राशि बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला बलौदा थाना क्षेत्र के हरदी महामाया बाजार का है, जहां पीड़ित रमेश कुमार साहू की निखिल वस्त्रालय नामक कपड़ा दुकान में 25 दिसंबर की रात छत का टीन उखाड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में प्रवेश किया और करीब 50 नग शर्ट सहित लगभग 20 हजार रुपये की चोरी की गई थी। इस मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही कार्तिक केवट और पुरुषोत्तम यादव को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया।
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक केवट उम्र 21 वर्ष और पुरुषोत्तम यादव उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी महामाया हरदी बाजार पारा थाना बलौदा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 61, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक टिकेश्वर राठौर, बृजपाल बर्मन, रज्जू रात्रे, रोहित साहू एवं महिला आरक्षक चंद्रप्रभा शांतेय की सराहनीय भूमिका रही।




