
रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 27 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
दरअसल पूरा मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है, जहां श्रीराम मोबाइल शॉप के संचालक अमित सिंह ने 1 मार्च को थाना विश्रामपुर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर देखा कि दुकान के रैक का सामान बिखरा हुआ था और पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अज्ञात चोर 17 नए मोबाइल और रिपेयरिंग के लिए आए 10 पुराने मोबाइल चोरी कर ले गए थे।



मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 8 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक नए मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान बाउ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि 27 फरवरी की रात एकता स्टेडियम में चोरी की योजना बनाई थी और रात करीब 2 बजे मोबाइल दुकान के पीछे पहुंचकर गैंता से दीवार तोड़कर अंदर रखे मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के कुल 27 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये है, और घटना में प्रयुक्त गैंता बरामद कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




