धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बड़ी वारदात से पहले कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर है, जहां कोतवाली पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को डराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से एक संभावित गंभीर वारदात टल गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी नेताजी चौक जांजगीर और सूरज राठौर, उम्र 28 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती जांजगीर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक राकेश राठौर सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही।




