जांजगीर-चांपा

नवविवाहित समेत दो आर्मी जवानों की मौत, NH-49 पर स्कॉर्पियो–ट्रक की भीषण टक्कर

रिपोर्टर – दीपक यादव
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
दिनांक – 26/11/2025

नवविवाहित समेत दो आर्मी जवानों की मौत, NH-49 पर स्कॉर्पियो–ट्रक की भीषण टक्कर

जांजगीर-चांपा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-49 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना शिवाजी चौक, पेंड्री–सुकली के पास हुई, जहां बारात से लौट रही स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो आर्मी जवानों सहित कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में 8 लोग सवार थे, जो पंतोरा में एक बारात कार्यक्रम से नवागढ़ वापस लौट रहे थे। रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच सामने से आ रहे ट्रक ने तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों में राजेंद्र कश्यप, जिनकी सिर्फ 8 दिन पहले शादी हुई थी, और पोलेश्वर, दोनों भारतीय सेना के जवान बताए जा रहे हैं। उनके निधन की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोग सदमे में हैं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का मुआयना कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है, जिसमें तेज रफ्तार और रात का समय प्रमुख वजह मानी जा रही है।

यह हादसा जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने NH-49 पर वाहनों की तेज रफ्तार और रात में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को भी दुर्घटनाओं का जिम्मेदार ठहराया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button