सक्ती

घोघरी में राखड़ से भरे दो कैप्सूल वाहन फंसे, छपोरा–डभरा मार्ग पर 12 घंटे से जाम; दो किमी लंबी लाइन से आवाजाही ठप

लोकेशन – सक्ति जिला

दिनांक – 21/11/2025

रिपोर्टर – लाला उपाध्याय

सक्ती जिला

डभरा ब्लॉक के छपोरा–डभरा मुख्य मार्ग पर स्थित घोघरी में गुरुवार शाम हुए हादसे के बाद से भीषण जाम लगा हुआ है। दो कैप्सूल वाहनों के बीच साइड देने के दौरान हुई गड़बड़ी के चलते दोनों भारी वाहन सड़क पर ही फंस गए, जिसके कारण यह जाम 12 घंटे से अधिक समय बाद भी नहीं हट पाया है। फिलहाल मार्ग के दोनों ओर दो किलोमीटर लंबी लाइन में वाहन खड़े हैं और आम आवाजाही पूरी तरह बाधित है।

घटना लगभग कल शाम 4 बजे की है, जब आर.के.एम. प्लांट से राखड़ लेकर बलौदाबाजार की ओर जा रहा कैप्सूल वाहन (सीजी 04 LF 0990) सड़क पर बने गड्ढे के पास दूसरे कैप्सूल वाहन (सीजी 07 BJ 7501) को साइड दे रहा था। इसी दौरान पहला वाहन अचानक गड्ढे से उछला और उसका हाउजिंग डिब्बा टूटकर वहीं फंस गया, जबकि दूसरा वाहन भी गड्ढे में धंस गया, जिससे रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार घोघरी क्षेत्र में सड़क बनने के बाद से ही बार-बार गड्ढे बनते हैं। यही वजह है कि इस स्थान पर जाम और दुर्घटनाएँ आम हो गई हैं। शिकायतों के बावजूद मुख्य मार्ग की मरम्मत या मजबूतीकरण पर संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहा, जिससे भारी वाहनों का संचालन लगातार जोखिम भरा हो गया है।

जाम में फंसे ट्रक, बसें और छोटे वाहन घंटों से परेशान बने हुए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है, लेकिन भारी वाहनों को हटाने में अपेक्षित संसाधनों की कमी के कारण देरी हो रही है। क्रेन और हाइड्रा मशीन की व्यवस्था के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और गड्ढों को पक्का करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में बार-बार होने वाले जाम से राहत मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button