कोनी में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में जेल भेजे गए

बिलासपुर
जिले के थाना कोनी क्षेत्र में आमजन के बीच दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर धारदार लोहे का चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पर कोनी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 594/2025 एवं 595/2025 के तहत आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलेश सूर्यवंशी (24 वर्ष) निवासी पंडरीपार, ग्राम घुटकु तथा अनुराग यादव (19 वर्ष) निवासी साईं मंदिर के पास, बड़ी कोनी के रूप में हुई है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे बिरकोना रोड और तुर्काडीह पुल के पास दो युवक चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहे हैं।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से धारदार लोहे के चाकू बरामद किए गए। आरोपियों द्वारा चाकू रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने हथियार जप्त कर विधिवत गिरफ्तारी की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।




