माल्दा में मेडिकल दुकान की आड़ में झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय, बिना डिग्री इलाज से ग्रामीणों की जिंदगी खतरे में

लोकेशन – जैजैपुर/सक्ती
जिला सक्ति के जैजैपुर ब्लॉक के माल्दा गांव में एक बार फिर झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही सामने आई है। गांव में मेडिकल दुकान चलाने वाला रवि शंकर कश्यप बिना किसी मेडिकल डिग्री या प्रमाणपत्र के इलाज कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वह खुलेआम इंजेक्शन लगाता है, दवाइयाँ देता है और कई गंभीर बीमारियों का भी इलाज करने का दावा करता है।
कम पैसे में इलाज का झांसा देकर वह ग्रामीणों को अपनी दुकान पर बुला लेता है, लेकिन कई बार गलत दवाइयां देने और बिना जानकारी इंजेक्शन लगाने से मरीजों की हालत और गंभीर हो जाती है। इससे लोगों की सेहत और जान दोनों पर संकट मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, पर कार्रवाई शून्य
गांव के लोगों का कहना है कि यह मामला लंबे समय से चल रहा है। इसकी शिकायत कई बार स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच करने की ज़हमत तक नहीं उठाई।
प्रशासन की यह चुप्पी झोलाछापों के हौसले और बुलंद कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने साफ कहा कि गांव में एक प्रशिक्षित डॉक्टर नहीं है, जिससे मजबूरी में लोग ऐसे व्यक्तियों के पास जाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि—
बिना डिग्री इलाज करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो मेडिकल दुकानों की जांच की जाए गांव में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सही चिकित्सा व्यवस्था कायम हो।




