राहौद में दिनदहाड़े ढाई लाख की लूट, साइकिल से जा रहे ग्रामीण से अज्ञात युवकों ने छीना नगदी भरा थैला

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा (राहौद)
जांजगीर-चांपा जिले के राहौद से बड़ी आपराधिक खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक ग्रामीण से ढाई लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित गोपेश्वर कुमार पटेल, उम्र 50 वर्ष, निवासी राहौद ने पुलिस को बताया कि वह 13 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पामगढ़ स्थित State Bank of India से ₹2,50,000 नगद निकालने गया था। यह राशि उसने घरेलू कार्य के लिए ग्राम राहौद निवासी श्याम चंदेल से उधार ली थी, जिसके लिए चेक दिया गया था।
बैंक से रकम निकालने के बाद प्रार्थी अपने परिचित मिथिलेश के साथ राहौद पहुंचा। इसके बाद ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल लेकर, नगदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर घर की ओर रवाना हुआ। तभी राहौद बस्ती वार्ड क्रमांक 14 के पास, दो तालाब के बीच के रास्ते में सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने साइकिल रोककर थैला छीनने का प्रयास किया और नगदी से भरा थैला लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी और पातासाजी की, लेकिन फिलहाल आरोपी पकड़ में नहीं आ सके हैं। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी तलाश में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




