सड़क सुरक्षा माह के तहत जांजगीर में स्कूली बच्चों की रंगोली से जागरूकता, यातायात पुलिस का अनोखा अभियान

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- जांजगीर, जिला जांजगीर-चाम्पा
जांजगीर-चाम्पा से सड़क सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आ रही है। 37वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस जांजगीर द्वारा स्कूली बच्चों के बीच जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा श्री विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार के नेतृत्व और यातायात निरीक्षक लालन पटेल के मार्गदर्शन में जांजगीर के डेस्टिनेशन स्कूल में यह विशेष आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा की थीम पर बेहद आकर्षक और रचनात्मक रंगोली बनाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल और सुरक्षित सड़क पार करने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।


यातायात पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को कम उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुलिस की ओर से प्रोत्साहित भी किया गया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा। यातायात पुलिस जांजगीर द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रखने की बात कही गई है।




