अकलतरा में सड़क हादसे के बाद बवाल — ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया मार्ग

अकलतरा,जांजगीर-चांपा
अकलतरा थाना क्षेत्र के पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक नितेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


युवक की मौत की खबर लगते ही ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने अकलतरा–जांजगीर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। भीड़ लगातार नारेबाजी कर रही है और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे हुए हैं तथा बातचीत के जरिए स्थिति सामान्य करने का प्रयास जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिशें जारी हैं। पुलिस ट्रक चालक की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




