कनाडा में खालिस्तान समर्थकों का हंगामा: तिरंगे का अपमान, PM के खिलाफ नारे, पंजाब को अलग करने पर वोटिंग

कनाडा के ओटावा में रविवार को खालिस्तान समर्थकों ने अनौपचारिक और गैर-कानूनी ‘खालिस्तान रेफरेंडम’ का आयोजन किया। इस दौरान भारतीय तिरंगे को जमीन पर गिराकर उसका अपमान किया गया और भारत के प्रधानमंत्री व अधिकारियों के खिलाफ “मार डालो” जैसे नारे लगाए गए।
कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों कनाडाई सिख वोटिंग में शामिल हुए। करीब दो किलोमीटर लंबी लाइन में लोग पीले खालिस्तानी झंडे लेकर खड़े थे। इस वोटिंग में सवाल पूछा गया कि क्या पंजाब को भारत से अलग कर एक स्वतंत्र खालिस्तान बनाया जाए?

इस आयोजन को आतंकवादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने करवाया। आयोजकों ने दावा किया कि ओंटेरियो, अल्बर्टा, ब्रिटिश कोलंबिया और क्यूबेक से 53,000 से अधिक लोग मतदान करने पहुंचे।
मैकनैब कम्युनिटी सेंटर के बाहर खालिस्तान समर्थकों ने भारत के पीएम और केंद्रीय मंत्रियों के खिलाफ उकसाने वाले नारे लगाए। वहीं SFJ हेड गुरपतवंत सिंह पन्नू ने विदेश से सैटेलाइट के जरिए भीड़ को संबोधित किया।
उधर, इसी दिन दक्षिण अफ्रीका में G-20 समिट के दौरान कनाडाई पीएम मार्क कार्नी और भारतीय PM नरेंद्र मोदी की मुलाकात हुई, जिस पर खालिस्तानियों ने सवाल उठाए।
भारत सरकार ने इस जनमत संग्रह को अवैध बताया और कहा कि कनाडा की धरती का इस्तेमाल भारत की संप्रभुता के खिलाफ किया जा रहा है।



