अमेरिकी संसद में मोदी–पुतिन की कार वाली फोटो पर हंगामा: डेमोक्रेट सांसद ने ट्रम्प की विदेश नीति को बताया ‘फेल’

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हालिया भारत दौरे की गूंज अब अमेरिकी संसद तक पहुंच गई है। हाउस फॉरेन अफेयर्स सबकमेटी की सुनवाई में डेमोक्रेट सांसद सिडनी कैमलेगर-डव ने पीएम मोदी और पुतिन की कार में साथ बैठी तस्वीर दिखाकर ट्रम्प प्रशासन की विदेश नीति को निशाने पर लिया।
सांसद डव ने कहा कि यह फोटो “हजार शब्दों के बराबर” है और यह बताती है कि ट्रम्प की दबाव वाली नीति भारत को रूस के और करीब धकेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रम्प ने भारत जैसे अहम रणनीतिक साझेदार को दूर कर दिया और यह अमेरिका के हितों के खिलाफ है।
डव ने ट्रम्प के नोबेल शांति पुरस्कार वाले दावे पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जो देश अपने सहयोगियों को विरोधियों की ओर धकेले, वह शांति पुरस्कार का हकदार नहीं हो सकता।
सुनवाई के दौरान रिपब्लिकन सांसद बिल हुइजेंगा ने क्रॉस–बॉर्डर आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए भारत के इस बयान का समर्थन किया कि पहलगाम हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा और TRF शामिल थे।
सांसदों की इन टिप्पणियों ने साफ कर दिया कि अमेरिकी राजनीति में भारत–अमेरिका संबंध और मोदी–पुतिन मुलाकात फिलहाल बड़ा मुद्दा बने हुए हैं।




