हादसे में छात्र की मौत पर बवाल: कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही का आरोप, शव रखकर सड़क जाम

रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
सक्ति
क्रांति कुमार महाविद्यालय के छात्र बलदेव गोंड की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद परिजनों और स्थानीय संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक बलदेव अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेलकर लौट रहा था, तभी हाथनेवरा हाइवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे के बाद परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्र लगातार बिना सुरक्षा इंतज़ामों के आवागमन करने को मजबूर थे, जबकि कॉलेज प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा था।


घटना के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और परिजन बलदेव का शव लेकर कॉलेज के सामने पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग करते हुए 10 लाख रुपये मुआवजा, तथा जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड करने की मांग रखी है।
आक्रोशित परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक लिखित में सख्त कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सहमति नहीं बन पाई है।
स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रदर्शन जारी है।




