छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान’ के तहत वीडियो चैलेंज, क्विज और लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन

जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। देशभर के युवाओं को ग्रामीण विकास और आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा माय भारत पोर्टल के सहयोग से राष्ट्रव्यापी डिजिटल अभियान “विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत युवाओं को विभिन्न डिजिटल प्रतियोगिताओं के माध्यम से भागीदारी का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसमें वीडियो चैलेंज, क्विज प्रतियोगिता तथा लोगो डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।


कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस अभियान का जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
अभियान के अंतर्गत “माय विलेज चैलेंज” के नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो या रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड की अवधि का वीडियो बनाकर माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। वीडियो की अधिकतम साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
इसी क्रम में माय भारत पोर्टल पर “विकसित भारत जी राम जी अधिनियम” से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा माय जीओव्ही पोर्टल पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट, 2025 के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा रचनात्मक और प्रभावी लोगो चुनना है, जो समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कर सके।
प्रतियोगिता के माध्यम से देशभर के नागरिकों और युवाओं को अपनी रचनात्मकता और नवाचारपूर्ण डिजाइन प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा और भविष्य में इसके प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न गतिविधियों में उपयोग किया जाएगा।
लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ डिजाइन प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागी को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस डिजिटल अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button