शासकीय स्कूल में बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रिपोर्टर –जय ठाकुर
लोकेशन जांजगीर-चांपा
जिले के एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि प्राथमिक शाला में पढ़ने वाले मासूम बच्चों से कक्षा कक्षों और स्कूल परिसर की सफाई कराई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित स्कूल में स्वीपर की पदस्थापना होने के बावजूद बच्चों से सफाई का कार्य कराया जा रहा है। यह मामला जांजगीर–चांपा जिले के कुटरा भाटापारा स्थित प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है।


गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले के अलग–अलग शासकीय स्कूलों से इस तरह के वीडियो सामने आ चुके हैं, जो शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। बच्चों से सफाई कार्य कराना न केवल उनके अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि यह शिक्षा के मूल उद्देश्य के भी खिलाफ माना जा रहा है।वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस मामले में जिम्मेदार शिक्षकों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग इस मामले में ठोस कार्रवाई करेगा और क्या भविष्य में बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।






