उमेश्वरपुर में ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन

लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले के उमेश्वरपुर स्थित स्कूल खेल परिसर में आयोजित ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें उमेश्वरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की कुल 30 टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ भाजपा युवा मोर्चा प्रेमनगर मंडल के कार्यकर्ता सुभाष कुमार साहू ने किया था। इस दौरान राम सिंह और फते सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के कप्तान बीरेंद्र कुमार दास ने बताया कि रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में ग्राम पंचायत सलका की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
इसके अलावा प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य अमीन बाई ने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने चिंता जताई कि आज की युवा पीढ़ी खेलों से दूर होती जा रही है और युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों से जुड़ने की अपील की।
प्रतियोगिता की कमेंट्री में सुरेश कुमार गुप्ता और ईश्वर सिंह का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच सावित्री सिंह सहित विशाल सिंह, अमलेश्वर सिंह, प्रकाश सिंह, ज्ञान साहू, विकास साहू, पत्ते राम, राजपाल साहू, परमेश्वर सिंह, भरत सिंह, जनक पटेल, ठाकुर सिंह, गोपाल दास, योगेंद्र दास, कबीर सिंह, कृष्णा सिंह, राजू सिंह, राहुल दास, पिंटू दास, सोनू सिंह, मनोज सिंह, लोकेश साहु, दिलबोध दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे।




