गरियाबंद में हिंसक झड़प, आगजनी से गांव में तनाव
गरियाबंद— छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बकली गांव में हालात उस वक्त बिगड़ गए जब दोनों ओर से पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। उपद्रव के दौरान करीब 10 घरों में आग लगा दी गई, जबकि 3 से 4 वाहनों को भी फूंक दिया गया।
हिंसा की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल जवान को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ चार महीने पुरानी मारपीट और लूटपाट की घटना से जुड़ी है। जेल से छूटने के बाद आरोपियों और शिकायतकर्ता के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते बड़े टकराव में बदल गया। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
देर रात IG ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।




