सक्ती

सक्ती में धान खरीदी को लेकर हिंसक टकराव, पिहरिद केंद्र बना रणक्षेत्र — किसानों और हमालों में मारपीट, प्रभारी का इस्तीफा

रिपोर्टर लाला उपाध्याय
लोकेशन सक्ती

जिले के पिहरिद धान खरीदी केंद्र में आज हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब धान तौल और खरीदी को लेकर किसानों और हमालों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मंडी परिसर में सैकड़ों किसान घुस आए और जोरदार हंगामा शुरू हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धान की तौल को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। किसान आरोप लगा रहे हैं कि उनसे निर्धारित मात्रा से अधिक धान की तौल करवाई जा रही थी, जबकि हमालों का कहना है कि किसान जानबूझकर अव्यवस्था फैला रहे हैं।


गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी किसान इसी खरीदी केंद्र में अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर चुके थे। उस दौरान किसानों ने मंडी प्रभारी को हटाने की मांग उठाई थी। आज का विवाद उसी असंतोष का नतीजा बताया जा रहा है।
स्थिति बिगड़ने पर धान खरीदी प्रभारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, हालांकि इससे किसानों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस बल, तहसीलदार और एसडीएम मौके पर पहुंचे और मंडी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई।


फिलहाल पिहरिद धान खरीदी केंद्र के बाहर किसान डटे हुए हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि पिहरिद के बजाय अलग से नया धान खरीदी केंद्र खोला जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से खरीदी हो सके।
मौके पर हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और प्रशासन किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button