बड़े आंदोलन की चेतावनी

कांसाबेल में किसानों का फूटा गुस्सा: धान रकबा कटौती पर कांग्रेस की आक्रोश रैली, SDM को सौंपा ज्ञापन
लोकेशन – जशपुर/कांसाबेल
रिपोर्ट – दीपक वर्मा
कांसाबेल में किसानों के धान रकबा घटाए जाने और पंजीयन तिथि नहीं बढ़ाए जाने को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को किसान आक्रोश रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
रैली कांसाबेल बस स्टैंड से शुरू होकर मुख्य बाजार मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान “किसान विरोधी नीतियां वापस लो” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धान रकबा में कटौती किसानों की कमर तोड़ने वाली नीति है। कांग्रेस ने कहा कि रकबा कम करने से हजारों किसान अपनी उपज बेचने के अधिकार से वंचित हो जाएंगे, जिसके गंभीर परिणाम सामने आएंगे।

तहसील कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि—
धान पंजीयन तिथि तत्काल बढ़ाई जाए,रकबा एग्रीस्टिक की गलतियों को सुधारा जाए,और किसानों को बिना परेशानी के अपनी उपज बेचने का पूर्ण अधिकार दिया जाए।कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो यह आंदोलन जिले से निकलकर पूरे प्रदेश में उग्र रूप ले सकता है।
रैली के दौरान कई जनप्रतिनिधियों और किसानों ने अपनी समस्याएं और सरकार के प्रति रोष खुलकर व्यक्त किया।




