जामपाली में वाटरशेड महोत्सव संपन्न—जल संरक्षण, श्रमदान और भूमि पूजन के साथ ग्रामीणों में बढ़ी जागरूकता

रिपोर्टर – दीपक यादव
लोकेशन – सक्ती, छत्तीसगढ़
विकासखण्ड सक्ती के ग्राम जामपाली में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना – जलग्रहण विकास घटक 2.0 के तहत वाटरशेड महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल एवं भूमि संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना और सतत कृषि के लिए समुदाय को संगठित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी से हुई, जिसमें बच्चों ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े प्रभावशाली नारे लगाए। इसके बाद गाँव में श्रमदान, वृक्षारोपण, एक निर्माण कार्य का लोकार्पण, तथा कुल 9 कार्यों का भूमि पूजन किया गया।
परियोजना अधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को वाटरशेड कार्यक्रम के उद्देश्यों, लाभों और इसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इस दौरान उप संचालक कृषि जांजगीर ने बताया कि वाटरशेड कार्यक्रम गांव में वर्षभर सिंचाई जल की उपलब्धता बढ़ाएगा, जिससे किसान एक से अधिक फसल लेकर कृषि को अधिक मजबूत और लाभकारी बना सकेंगे।
महोत्सव का मुख्य विषय “जल संचय एवं जल ही जीवन है” रखा गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर महोत्सव का समापन किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती प्रतिभा मेहरा, कृषि विभाग के अधिकारी श्री ललित मोहन भगत, उप संचालक कृषि जांजगीर-चांपा, उप संचालक कृषि सक्ती श्री तरुण कुमार प्रधान, परियोजना अधिकारी श्री रामनारायण गांगे, सरपंच जामपाली श्रीमती कलावती साण्डे, उप सरपंच याद कुमारी चन्द्रा, पूर्व उप सरपंच लखनलाल चन्द्रा, सरपंच देवरमाल योगेन्द्र साहू, WCDC-PMKSY 2.0 के सदस्य, स्व-सहायता समूह और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।




