छत्तीसगढ़ में मौसम का अलर्ट: रायपुर में सुबह कोहरा, सरगुजा में ठंड बढ़ी; बच्चों में हाइपोथर्मिया का खतरा

रायपुर
छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
राज्य के उत्तरी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के तापमान की बात करें तो राजनांदगांव 31.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11°C दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।
रायपुर में सुबह से कोहरा
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से कोहरा छाया रहा। यहां दिन का तापमान करीब 31 डिग्री और रात का तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बलरामपुर, कोरिया और जशपुर जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, ऊपरी हवाओं में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज गति से चल रही जेट स्ट्रीम के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसके अलावा 30 जनवरी की रात से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश करने की संभावना है, जिससे मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
बच्चों की सेहत पर ठंड का असर
ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी साफ नजर आ रहा है। रायपुर के सरकारी और निजी अस्पतालों में बीते एक महीने में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चों और नवजात शिशुओं का शरीर ठंड को जल्दी झेल नहीं पाता, जिससे उनमें इस बीमारी का खतरा ज्यादा रहता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे शिशुओं में हाइपोथर्मिया का जोखिम और अधिक होता है।
हाइपोथर्मिया क्या है
हाइपोथर्मिया एक गंभीर और जानलेवा स्थिति है, जिसमें शरीर का सामान्य तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। तापमान गिरने पर शरीर के अहम अंग सही ढंग से काम नहीं कर पाते। ठंडी हवा या नमी के संपर्क में आने से शरीर तेजी से गर्मी खो देता है।
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
ठंड बढ़ने के मद्देनजर रायपुर नगर निगम ने शहर के 12 से अधिक स्थानों पर रातभर अलाव जलाने की व्यवस्था की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें।




