रायपुर

छत्तीसगढ़ में ‘वेटलैंड मित्र’ अभियान को मिले पंख, राज्यभर में संरक्षण की नई जन-भागीदारी संस्कृति विकसित

रायपुर, 21 नवम्बर 2025

छत्तीसगढ़ राज्य आद्रभूमि प्राधिकरण ने राज्यभर की आद्रभूमियों के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में “वेटलैंड मित्र” अभियान की शुरुआत की है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशन में शुरू किया गया यह अभियान समुदाय और सरकार के बीच संरक्षण कार्यों के लिए एक मजबूत साझेदारी का आधार बन रहा है।

स्थानीय स्तर पर संरक्षण को मिल रही नई गति

इस अभियान के तहत राज्य के नागरिकों को स्थानीय वेटलैंड्स के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए “वेटलैंड मित्र” के रूप में जोड़ा जा रहा है। इच्छुक व्यक्ति QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भरकर अपने नजदीकी आद्रभूमि क्षेत्र से जुड़ सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें वेटलैंड संरक्षण से जुड़ी तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है।

निगरानी और सूचना तंत्र को मिल रही मजबूती

वेटलैंड मित्रों की भूमिका केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहती। वे आद्रभूमि क्षेत्रों में होने वाले पर्यावरणीय परिवर्तनों की पहचान, संभावित खतरों की सूचना, अवैध गतिविधियों की रिपोर्टिंग तथा स्थानीय समुदाय तक सही जानकारी पहुँचाने में अहम सहयोग प्रदान करते हैं। इससे संरक्षण कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ी है।

500 से अधिक वेटलैंड मित्र जुड़े, कोरबा सबसे आगे

अभियान की शुरुआत के कुछ ही समय में पूरे राज्य से 500 से अधिक लोग वेटलैंड मित्र के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं। यह बढ़ती संख्या राज्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है।
विशेष रूप से कोरबा जिले में करीब 200 वेटलैंड मित्र सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में संरक्षण कार्यों में योगदान दे रहे हैं, जिससे स्थानीय आद्रभूमियों के स्वास्थ्य और जैव-विविधता संरक्षण में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है।

विभाग और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहा नेटवर्क

वेटलैंड मित्रों का विस्तृत नेटवर्क अब विभाग और आम जनता के बीच संवाद एवं सहभागिता का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इनके सहयोग से आद्रभूमि के जैविक महत्व, जल संरक्षण की जरूरत और सतत उपयोग की अवधारणाओं का प्रसार तेज़ी से हो रहा है।

प्राकृतिक संपदा संरक्षण की दिशा में सफल कदम

यह अभियान छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा की दीर्घकालिक रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समुदाय की सक्रिय भागीदारी के साथ, राज्य की संरक्षण योजनाओं को मजबूत आधार मिल रहा है और वेटलैंड संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्राप्त हो रहा है

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button