
ब्यूरो रिपोर्ट/ रायपुर
आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। राज्य में दो राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से एक पर बीजेपी की मजबूत दावेदारी मानी जा रही है।
संगठन और राजनीति में लंबा अनुभव
लक्ष्मी वर्मा वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं। इसके अलावा वे बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और महिला वर्ग में मजबूत पकड़ के चलते पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।

वे रायपुर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और भाजपा की मीडिया प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। लंबे समय से संगठन में अलग-अलग पदों पर काम करने का अनुभव उनके राजनीतिक सफर को मजबूत बनाता है।
सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति
लक्ष्मी वर्मा कुर्मी समाज से आती हैं, जो राज्य की राजनीति में अहम माना जाता है। उन्हें राज्यसभा का टिकट देकर बीजेपी ने एक तरफ मातृशक्ति को साधने की कोशिश की है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक और जातीय संतुलन का संदेश भी दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए पार्टी ने यह रणनीतिक फैसला लिया है।




