क्राइम

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, सड़क हादसा दिखाने की रची साजिश; खून के निशानों से खुली पोल

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। कुरखेड़ा शहर में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंककर इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की सतर्क जांच में साजिश का पर्दाफाश हो गया।
घटना 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 1 बजे की है। मृतक की पहचान 33 वर्षीय दिनेश सूर्यभान डोंगरवार के रूप में हुई है, जो घेवरधा गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार दिनेश की पत्नी रेखा डोंगरवार (28) और उसका प्रेमी विश्वा सांगोळे (25) इस हत्या के आरोपी हैं।
बताया जा रहा है कि दिनेश और रेखा की इंटरकास्ट मैरिज हुई थी, जिसके तहत शासन की योजना से उन्हें करीब ढाई लाख रुपये की सहायता राशि मिली थी। इसी रकम को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। रेखा आधी रकम की मांग कर रही थी, लेकिन दिनेश के इनकार से तनाव बढ़ता गया। इस बात की जानकारी रेखा ने अपने प्रेमी विश्वा को दी, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई।
30 दिसंबर की रात पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा तो रेखा और उसके प्रेमी ने मिलकर दिनेश पर हमला कर दिया। पहले चाकू से गले पर वार किया गया, फिर टाइल्स के नुकीले टुकड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद घर में फैले खून को साफ किया गया और शव को बाइक पर ले जाकर सती नदी क्षेत्र के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा लगे।
हालांकि घर से घटनास्थल तक रास्ते में जगह-जगह खून के निशान मिलने से पुलिस को शक हुआ। जांच के दौरान यह अहम सुराग साबित हुआ और दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में आ गए। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच एसडीपीओ रविंद्र भोसले के मार्गदर्शन में की जा रही है। इस सनसनीखेज हत्या से पूरे कुरखेड़ा इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button