धान खरीदी केंद्र में घुसा जंगली हाथी, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

रिपोर्टर:- सरोज रात्रे
लोकेशन:- कोरबा
कोरबा जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में उस वक्त हड़कंप मच गया,
जब अचानक एक जंगली हाथी केंद्र परिसर में घुस आया।
हाथी को देखते ही कर्मचारियों और वहां मौजूद किसानों में डर और दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि धान खरीदी का पूरा कामकाज ठप हो गया।
घबराए कर्मचारी धान को नुकसान से बचाने के लिए हाथी को खदेड़ने का जोखिम भरा प्रयास करते नजर आए,
हालांकि इस दौरान हाथी के आक्रामक होने की आशंका बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है।
पहले भी कई बार हाथी धान खरीदी केंद्र में घुसकर धान खा जाते हैं और फिर जंगल की ओर लौट जाते हैं।
गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई,
लेकिन बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से कर्मचारियों और किसानों में भारी डर बना हुआ है।
अब ग्रामीणों और कर्मचारियों ने वन विभाग से
धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




