छत्तीसगढ़जशपुर

जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Reporter Name:दीपक वर्मा
Location:सन्ना, जशपुर

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दरअसल सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा में 48 वर्षीय गोईदी बाई का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत उसके गुप्तांग में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका पर जादू-टोना करने का शक किया जा रहा था। इसी शक के चलते उसके पति ठूपन राम, उसकी दूसरी पत्नी फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर महिला के साथ मारपीट की और लकड़ी के डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को घर के बिस्तर पर रखकर ऊपर से कंबल ढंक दिया ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button