न्याय कि आस मे दो सालों से भटक रही महिला.

तहसील पुसौर अंतर्गत थाना जूटमिल क्षेत्र के ग्राम नेतनागर में निजी भूमि की फसल पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम नेतनागर निवासी आवेदिका यज्ञसेनी, पिता समारू ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी निजी भूमि पर बोई गई फसल को गांव की ही एक पड़ोसी, जो रिश्ते में उनकी चाची लगती हैं, काटकर अपने कब्जे में ले लेती हैं।
आवेदिका के अनुसार वर्ष 2023–2024 से लगातार उनकी फसल पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी मेहनत का फल नहीं मिल पा रहा है। पीड़िता का कहना है कि फसल तैयार होने के बाद पड़ोसी द्वारा उसे काट लिया जाता है और पूरा उत्पादन अपने पास रख लिया जाता है।


यज्ञसेनी ने बताया कि न्याय पाने के लिए वे पिछले एक से दो वर्षों से संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। न्याय न मिलने से पीड़िता आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है और दर-दर भटकने को मजबूर है।
मामले को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें उनकी फसल और मेहनत का उचित हक मिल सके।



