गांव को अपराध-मुक्त बनाने महिलाओं की पहल, पुलिस के साथ बनी महिला कमांडो टीम

लोकेशन – जांजगीर-चांपा | ग्राम पिसौद
रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले में गांवों को अपराध और नशे से मुक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। पुलिस के सहयोग से महिलाओं ने आगे बढ़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए महिला कमांडो टीम बनाई जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में ग्राम पिसौद के कूटी आश्रम में महिला कमांडो टीम गठन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम गांव के सरपंच श्री धजाराम साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जहां सरपंच, पंच, बीडीसी और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 80 महिलाओं की महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

इस दौरान सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे ने महिला कमांडो टीम को गांव में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने, नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने महिला कमांडो टीम और ग्रामीणों को थाने का संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए किसी भी समस्या या सूचना पर तुरंत पुलिस को अवगत कराने की अपील की। साथ ही सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा भी दिलाया गया।
पुलिस का कहना है कि महिला कमांडो टीम के गठन से गांव का माहौल बेहतर होगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने इस पहल की सराहना करते हुए महिला कमांडो टीम के प्रयासों की प्रशंसा की है।




