लोहराकोट में महिलाओं की शराबबंदी मुहिम तेज — 200 महिलाएं SP ऑफिस पहुंचीं, शराब माफिया से मिली धमकी

सक्ती
जिला सक्ती के ग्राम पंचायत लोहराकोट की महिलाओं ने कच्ची शराब और गांजा की बिक्री व निर्माण बंद कराने की मांग को लेकर आज एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिलाओं ने बताया कि गांव में सामूहिक रूप से शराबबंदी का निर्णय लिया गया और रैली भी निकाली गई, लेकिन शराब बनाने वालों ने रैली में अड़चन डालते हुए धमकी दी।
“शराब से गांव का माहौल बिगड़ रहा है” — सरपंच सरस्वती गणेश श्रीवास
ग्राम पंचायत लोहराकोट की महिला सरपंच सरस्वती गणेश श्रीवास ने कहा —
“हम सभी गांव में शराबबंदी लागू करने के लिए रैली निकाल रहे थे,
लेकिन शराब बनाने वालों ने रैली रोककर हमें धमकाया।
शराब की वजह से गांव के बच्चों का स्वास्थ्य और माहौल दोनों खराब हो रहा है।
हमने एसपी से गांव में पुलिस बल की मदद और सख्त कार्रवाई की मांग की है।”
200 महिलाएं एकजुट होकर आईं शिकायत करने
ग्रामीण कौशल्या बाई सिदार ने बताया —
“हम करीब 200 महिलाएं एसपी ऑफिस शिकायत करने आई हैं।
गांव में बिक रही और बन रही शराब से झगड़े बढ़ रहे हैं, माहौल खराब हो रहा है।
हमारी मांग है कि पुलिस गश्त बढ़ाए और इस अवैध कारोबार को पूरी तरह बंद कराए।”
“धमकियों से नहीं डरेंगी महिलाएं” — ग्रामीण कौशल कुमार गोंड
गांव के ग्रामीण कौशल कुमार गोंड ने कहा —
“महिलाओं ने शराबबंदी का फैसला कर रैली निकाली थी,
लेकिन शराब कारोबारियों ने इसका विरोध करते हुए रैली को रोकने की कोशिश की।
हम आज प्रशासन से यही मांग करने आए हैं कि इस तरह की घटनाओं को रोका जाए
और गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जाए।”
ASP बोले — “हर सूचना पर होगी सख्त कार्रवाई”
इस मामले में ASP हरीश कुमार यादव ने कहा —
“जहां भी शराब बनाने या बेचने की जानकारी मिलती है,
वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है।
एसपी सर का सख्त निर्देश है कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शराबबंदी एक गंभीर सामाजिक विषय है और इस दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।”




