तंजानिया में सोने की खदान के नाम पर 1.90 करोड़ की ठगी, आरोपी यश राजेश शाह गिरफ्तार

रिपोर्टर:- ब्यूरो
लोकेशन:- रायपुर
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तंजानिया देश में सोने की खदान और खनन व्यवसाय के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी यश राजेश शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देश छोड़कर वियतनाम फरार होने की फिराक में था, लेकिन लुक आउट सर्कुलर के चलते उसे मुम्बई एयरपोर्ट से ट्रेस कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से आईफोन और पासपोर्ट भी जप्त किए गए हैं।
दिनांक 21 जनवरी 2026 को प्रार्थी समर्थ बरडिया ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी यश शाह ने स्वयं को तंजानिया गणराज्य में सोने की खदान का मालिक बताते हुए खनन व्यवसाय में साझेदारी का झांसा दिया। आरोपी ने प्रार्थी और उसके साथी मुकुल चोपड़ा को विश्वास में लेकर भागीदारी अनुबंध निष्पादित कराया और सोने के खनन से भारी मुनाफे का लालच देकर कुल 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी के पास न तो तंजानिया में खनन का कोई वैध अधिकार था और न ही अनुबंध में दर्शाई गई खदानों का संचालन करने की अनुमति। यह पूरी योजना सोची-समझी साजिश के तहत रची गई थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी वियतनाम जाने के लिए मुम्बई एयरपोर्ट पहुंचा है। दस्तावेज जांच के दौरान एलओसी के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 420, 423, 467, 468 एवं 120बी भारतीय दंड संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।



