डभरा में सड़क पर मिला मोबाइल वापस कर युवक बना मिसाल; ईमानदारी से लौटाया जेल प्रहरी का फोन

लोकेशन: डभरा, सक्ती जिला (छत्तीसगढ़)
रिपोर्टर: लाला उपाध्याय
सक्ती जिले के डभरा नगर पंचायत में इंसानियत और ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाला मामला सामने आया है। डभरा थाना चौक के पास साहू पान सेंटर के सामने सड़क पर एक मोबाइल फोन गिरा हुआ मिला, जिसे ग्राम पंचायत सकराली निवासी तेज लाल श्रीवास ने देखा। बिना किसी झिझक के तेज लाल ने फोन को अपने पास सुरक्षित रखा और तुरंत ही डभरा के पत्रकार साथियों को इसकी जानकारी दी, ताकि फोन उसके असली मालिक तक पहुंच सके।
पत्रकारों की जांच और नम्बर ट्रेसिंग के बाद मोबाइल फोन के मालिक की पहचान जेल प्रहरी ओमप्रकाश कंवर के रूप में हुई, जो सक्ती जिले की जेल में पदस्थ हैं और किसी कार्य से डभरा आए हुए थे। उनसे संपर्क स्थापित कर उन्हें बुलाया गया और मोबाइल फोन सम्मानपूर्वक वापस सौंपा गया।
मोबाइल लौटते ही ओमप्रकाश कंवर की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने तेज लाल श्रीवास और मीडिया प्रतिनिधियों का हृदय से आभार जताते हुए कहा कि— “जब कोई खोई हुई चीज वापस मिलती है, तब समझ आता है कि ईमानदारी आज भी जिंदा है। मेरे लिए यह सिर्फ मोबाइल नहीं, जरूरी दस्तावेज़ और यादों से भरी हुई चीज थी। आज इसे वापस पाकर दिल से शुक्रिया कहना चाहता हूं।”
स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने तेज लाल श्रीवास के इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश बताया। इस घटना ने साबित किया कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो बिना किसी लालच के सही काम करना अपना फर्ज समझते हैं।




