हसदेव नदी के गेमन पुल से युवक ने लगाई छलांग, पुल पर मिली बिना नंबर प्लेट की स्कूटी

रिपोर्टर: जय ठाकुर
लोकेशन:चांपा
जांजगीर–चांपा जिले से इस वक्त एक गंभीर ब्रेकिंग खबर सामने आ रही है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव नदी के गेमन पुल से आज सुनील नाम के एक युवक द्वारा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेमन पुल के ऊपर एक स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली है। हैरानी की बात यह है कि स्कूटी में नंबर प्लेट नहीं लगी हुई है, जिसके चलते युवक की पहचान करने में पुलिस को कठिनाई हो रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुल के दोनों ओर सुरक्षा घेरा बना दिया गया।


सुबह से ही DDRF की टीम हसदेव नदी में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। नदी का बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन जवान पूरी मुस्तैदी के साथ युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
परिजनों द्वारा युवक की पहचान सुनील राठौर पिता देव प्रसाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम धाराशिव थाना पामगढ़ के रूप में किए जाने की शंका जताई गई है। परिजनों का कहना है कि सुनील सुबह से घर से बाहर था और उसकी आखिरी गतिविधि गेमन पुल के पास देखी गई थी, जिसके बाद नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर पहचान की पुष्टि नहीं कर रही है।
गौर करने वाली बात यह है कि इसी गेमन पुल से कुछ दिन पहले, 30 जनवरी को पंकज नहरेल नामक युवक ने भी इसी तरह अपनी स्कूटी पुल पर खड़ी कर हसदेव नदी में छलांग लगा दी थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। एक ही स्थान पर बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आने से प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई है।




