धारदार हथियार से लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जांजगीर-चांपा
जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चांपा के नए बस स्टैंड इलाके में एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आम राहगीरों को धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 07 नवंबर को थाना चांपा पुलिस की टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहा है और सड़क पर आतंक फैलाने की कोशिश कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप, एवं SDOP चांपा श्री यदुमनी सिदार को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम को मौके पर भेजा गया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रघुवीर सिंह सिदार (उम्र 33 वर्ष), निवासी जगदल्ला, थाना चांपा बताया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक तलवारनुमा चाकू बरामद किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भय और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में
थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता
सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह
आरक्षक आकाश कालोसिया और शंकर राजपूत का विशेष योगदान रहा




