मराठी-हिंदी विवाद में युवक की आत्महत्या: बाल ठाकरे स्मृति स्थल पर धरना देगी BJP, राज ठाकरे पर निशाना

मुंबई में हिंदी बोलने पर पिटाई के बाद मराठी युवक अर्णव खैरे की आत्महत्या को लेकर राजनीतिक विवाद तेज़ हो गया है। मुंबई भाजपा शनिवार को शिवाजी पार्क स्थित बालासाहेब ठाकरे स्मृति स्थल पर धरना देगी। भाजपा का आरोप है कि शिवसेना और मनसे भाषा के नाम पर नफ़रत फैला रहे हैं, जिसका शिकार अब मराठी युवक भी होने लगे हैं।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि अर्णव की मौत बताती है कि राजनीति में भाषा और प्रांतवाद को ज़हर की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं भाजपा महासचिव पवन त्रिपाठी ने शिवसेना-मनसे की भाषा राजनीति को “विकृत मानसिकता” करार दिया और कहा कि अपनी भाषा मनवाने के लिए हिंसा का सहारा लेना बेहद शर्मनाक है।
घटना पर शिवसेना शिंदे गुट, कांग्रेस और राकांपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इधर राज ठाकरे की पार्टी मनसे के खिलाफ दायर याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता ने राज ठाकरे पर आपराधिक कार्रवाई और मनसे की मान्यता रद्द करने की मांग की है। कोर्ट में अगली सुनवाई से पहले याचिकाकर्ता अर्णव खैरे की घटना को याचिका में शामिल करेंगे।
क्या है मामला?
19 वर्षीय अर्णव खैरे मुंबई की लोकल ट्रेन में भीड़ के बीच पीछे से धक्का लगने पर सामने खड़े व्यक्ति से हिंदी में बात कर रहा था। इसी बात पर कुछ यात्रियों ने उसे हिंदी बोलने के कारण पीटना शुरू कर दिया। मराठी बताने पर भी उसे ताने दिए गए। घटना से डरकर वह घर लौटा और बाद में आत्महत्या कर ली।
मनसे ने इस घटना के लिए भी परप्रांतियों और BJP को ज़िम्मेदार बताया है।




