मनरेगा संशोधन के विरोध में युवा कांग्रेस का ऐलान, महापंचायत को लेकर प्रेसवार्ता

लोकेशन
जांजगीर–चांपा
रिपोर्टर
ब्यूरो रिपोर्ट
जांजगीर–चांपा जिले में मनरेगा कानून में किए गए संशोधनों के खिलाफ युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रस्तावित महापंचायत को लेकर जिला युवा कांग्रेस द्वारा सर्किट हाउस में एक अहम प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार के फैसलों पर जमकर सवाल उठाए गए।
प्रेसवार्ता के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए संशोधन मजदूर विरोधी हैं और यह सीधे तौर पर ग्रामीण गरीबों, बेरोजगार युवाओं और श्रमिक वर्ग के अधिकारों पर हमला है। नेताओं का कहना है कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिसे कमजोर करने की साजिश की जा रही है।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संशोधन के नाम पर मजदूरों की मजदूरी में कटौती, काम के दिनों में कमी और उनके कानूनी अधिकारों को सीमित किया जा रहा है। इससे गांवों में बेरोजगारी और पलायन बढ़ेगा, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।


इसी के विरोध में जिले में एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जा रही है, जिसमें मजदूरों, किसानों, ग्रामीण महिलाओं और युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रेसवार्ता में महापंचायत से जुड़े नोब फार्म की जानकारी भी साझा की गई और जिले के सभी ब्लॉकों में इसे भरकर अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने की अपील की गई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन मजदूरों के हक की लड़ाई में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और सरकार को मजदूर विरोधी संशोधन वापस लेने के लिए मजबूर किया जाएगा।



कुल मिलाकर मनरेगा संशोधन को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में प्रस्तावित महापंचायत से यह मुद्दा और अधिक मुखर होने के आसार नजर आ रहे हैं।




