जांजगीर-चांपा

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, अस्पताल के सामने शव रखकर चक्का जाम

रिपोर्टर:- मुरली नायर
लोकेशन:- बम्हनीडीह

चांपा से बिर्रा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बनडभरा निवासी तरुण बंजारे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तरुण बंजारे पिता रामरतन, उम्र लगभग 20–22 वर्ष, निवासी बनडभरा के रूप में हुई है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को अस्पताल के सामने सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया और मुआवजे व दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस के प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं आरक्षक अमीर पैकरा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों से समझाइश दी।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पिकअप चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button