शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में युवा उत्सव व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा मंच

रिपोर्टर:- सुरेन्द्र साहू
लोकेशन:- सिलफिली, जिला सूरजपुर
सूरजपुर जिले के शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में युवा उत्सव एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री अमित सिंह बनाफर ने की, जबकि मुख्य अतिथि महाविद्यालयीन जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री ठाकुर राजवाड़े रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
छात्राओं जैतुन निशा और नुसरत खातून द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत तथा ‘अरपा पैरी के धार’ राजगीत से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत हुई। एकल नृत्य में सुनीता ने प्रथम और विशाखा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं समूह नृत्य प्रतियोगिता में स्वाति मिंज, ज्योति राजवाड़े, रेशमा राजवाड़े, आरती राजवाड़े और भारती राजवाड़े के समूह ने विजेता बनकर सबका मन मोह लिया।


नशामुक्ति पर आधारित नाटक ने भी दर्शकों को गहरा संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य श्री अमित सिंह बनाफर ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2009 में 11 विद्यार्थियों से शुरू हुआ यह महाविद्यालय आज 300 से अधिक विद्यार्थियों का शैक्षणिक केंद्र बन चुका है।
मुख्य अतिथि श्री ठाकुर राजवाड़े ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, मोबाइल के संतुलित उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं डॉ. रवींद्र तिग्गा ने कृषि, फूलों एवं सब्जी उत्पादन के माध्यम से रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में वर्षभर की खेल, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सत्र 2024-25 में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया गया।
राष्ट्रगान एवं आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ




