
सक्ती जिला
रिपोर्टर:लाला उपाध्याय
सक्ती जिले से इस वक्त एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज ब्रेकिंग न्यूज़ सामने आ रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के जनरल वार्ड में एक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के समय वार्ड में मौजूद मरीजों और परिजनों ने जैसे ही युवक को जलते हुए देखा, अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
हालांकि युवक आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुका था और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है, और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
पुलिस अस्पताल प्रबंधन, ड्यूटी स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, वहीं अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना से न सिर्फ अस्पताल बल्कि पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है




