क्राइम

कोरबा में यूट्यूबर बेटी ने हंसिए से पिता की हत्या की, चरित्र पर टिप्पणी के बाद देर रात विवाद बना जानलेवा

कोरबा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय युवती ने अपने पिता की कथित तौर पर हंसिए से गला काटकर हत्या कर दी। घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया स्थित लिममुंडा बस्ती की है। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला
मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां पिछले करीब आठ वर्षों से अलग रह रही थीं। वे कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में निवास करती थीं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और आपसी तनाव के कारण वे अलग रह रही थीं।
9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन मुआवजे की राशि लेने गांव आई थीं और वहीं रुकी हुई थीं। आरोप है कि देर रात करीब 2 बजे अशोक और उसकी बड़ी बेटी गीता केवट (27) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान कथित तौर पर पिता ने बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
गुस्से में किया हमला
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गीता ने घर में रखा हंसिया उठाकर अपने पिता के गले पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि मौके पर ही अशोक की मौत हो गई। घटना के बाद गीता घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है।
रिश्तेदारों ने घर के अंदर जाकर देखा तो अशोक खून से लथपथ हालत में मृत पड़े थे और पास में हंसिया भी मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पारिवारिक पृष्ठभूमि और संभावित कारण
पुलिस के मुताबिक, मृतक अशोक केवट के शराब सेवन की आदत और पारिवारिक विवादों के चलते पत्नी और बेटियां अलग रह रही थीं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक अपनी पत्नी और बेटियों के चरित्र पर संदेह जताता था, जिससे परिवार में लंबे समय से तनाव की स्थिति थी। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सोशल मीडिया पर सक्रिय थी आरोपी
आरोपी गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थी और ट्रैवल व्लॉग बनाती थी। कुछ दिन पहले एक वीडियो को लेकर भी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत साइबर सेल में की गई थी।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं और कानूनी या परामर्श सेवाओं का सहारा लें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button