
रिपोर्टर: दीपक वर्मा / लोकेशन: बगिया, जशपुर (CM निवास)
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रामनवमी के पावन अवसर पर अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे, जहां उन्होंने 25 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत आयोजित चार दिवसीय अखंड महायज्ञ में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय भी मौजूद रहीं और दोनों ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।


बगिया में आयोजित यह महायज्ञ पिछले 25 सालों से क्षेत्र की आस्था और संस्कृति का प्रतीक बना हुआ है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को विशेष बताते हुए इसकी परंपरा को बनाए रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि व्यस्त कार्यक्रम के चलते इस बार उनके भाई और बहू पूजा में बैठे हैं, लेकिन वे स्वयं माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।



वहीं, IG रतनलाल डांगी के सस्पेंशन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
आस्था और परंपरा के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा जहां धार्मिक महत्व को दर्शाता है, वहीं प्रशासनिक सख्ती का संदेश भी देता नजर आया।






