
रिपोर्टर दीपक वर्मा
जशपुर
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के जशपुर दौरे के दौरान कुनकुरी में कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। गिनाबहार स्थित कुड़ुख उरांव सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म नजर आया।



जशपुर जिले के कुनकुरी पहुंचे PCC अध्यक्ष दीपक बैज का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। आतिशबाजी, फूल-मालाओं और बाजे-गाजे के साथ कार्यकर्ताओं ने अपने नेता के प्रति उत्साह और समर्थन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे यह आयोजन शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया।
इस दौरान दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में “गांव चलो अभियान” की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और सेक्टर अध्यक्ष की नियुक्तियां की जा चुकी हैं।



दीपक बैज ने बताया कि वे लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। महासमुंद, रायगढ़, सारंगढ़ और भिलाईगढ़ के बाद अब जशपुर में पहुंचकर वे स्वयं पंचायत और बूथ कमेटियों के गठन का काम कर रहे हैं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।



कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। जिनमें जिलाध्यक्ष यूडी मिंज, पूर्व विधायक विनय भगत, संगठन प्रभारी भानुप्रताप सिंह, कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील और डीडीसी आरती सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




