गूगल का बड़ा झटका, बदल दिया 15GB फ्री स्टोरेज का नियम, यूजर्स की कैसे बढ़ेंगी मुश्किलें?

आजकल लोगों को ज्यादातर काम जीमेल पर होता है और गूगल फोटोज में लोगों की कई फोटो व वीडियोज सेव होती हैं। इस कारण लोगों को ज्यादा स्टोरेज की जरूरत होती है। गूगल, यूजर्स को 15GB का फ्री स्टोरेज देता है। इसमें ईमेल, फोटोज और वीडियो स्टोर करके रख सकते हैं। लेकिन अब Google नियम बदल रहा है। बदले नियम के कारण लोगों को स्टोरेज खरीदने की जरूरत पड़ सकती है या फिर उन्हें अपना डेटा डिलीट करना पड़ सकता है।
कंपनी के अनुसार, अब यूजर के एंड्रॉयड फोन का सारा बैकअप डेटा जैसे मैसेज/SMS और कॉल हिस्ट्री भी गूगल अकाउंट के साथ मिलने वाली 15GB के फ्री स्टोरेज में ही गिना जाएगा। आइये, डिटेल में जानते हैं।
अब 15GB में होगा ये सब
नियम बदलने के कारण, अब आपके फोन के बैकअप जैसे मैसेज और कॉल रिकॉर्ड को रखने के लिए अलग से जगह नहीं मिलेगी। वह भी उसी फ्री स्टोरेज में गिना जाएगा, जहां आपके जीमेल के मैसेज, गूगल ड्राइव की फाइलें और गूगल फोटोज होते हैं। यानी अब इन सभी चीजों को उसी 15GB की फ्री स्टोरेज में जगह बनानी होगी।
क्या बदल रहा है?
- पहले गूगल स्टोरेज के मामले में काफी दरियादिल था। उस समय आपके एंड्रॉयड फोन के बैकअप में से सिर्फ फोटोज, वीडियोज और मैसेज (MMS) में आई फाइलें ही उस फ्री 15GB की स्टोरेज में गिनी जाती थीं।
- 7 जुलाई को लागू हुए नए नियमों के तहत, आपके फोन द्वारा क्लाउड पर बैकअप किया गया हर डेटा इसमें शामिल है। जैसे SMS मैसेज, पूरी कॉल हिस्ट्री, डिवाइस की सेटिंग, वॉलपेपर और प्राथमिकताएं, इंस्टॉल किए गए ऐप्स और ऐप डेटा।
एंड्रॉइड बैकअप आपको अपने फोन के डेटा को अपने Google अकाउंट में सेव होने देता है ताकि आप इसे आसानी से रिकवर कर सकें या एक नया डिवाइस सेट कर सकें। गूगल का कहना है कि उसने अपनी नीति को अपडेट कर दिया है ताकि सभी एंड्रॉइड बैकअप डेटा अब Google अकाउंट में गिना जाए।
स्टोरेज बचाने का तरीका
यूजर्स को इस समस्या से निपटने के लिए गूगल, एंड्रॉयड फोन की सेटिंग्स के अंदर नए ऑन/ऑफ टॉगल दे रहा है। ताकि यूजर्स पहले से ही चुन सकें कि वे किन ऐप्स का बैकअप लेना चाहते हैं। उन्हें जल्द ही एसएमएस/एमएमएस मैसेज, कॉल हिस्ट्री या डिवाइस सेटिंग्स के लिए बैकअप को पूरी तरह से इनेबल करने के लिए भी ऑप्शन्स दिखाई देंगे।
यूजर्स के लिए बढ़ी मुश्किलें
जिन यूजर्स का काम अभी तक 15GB फ्री स्टोरेज से चल रहा था। अब उनको जबरदस्ती स्टोरेज लेना पड़ सकता है। क्योंकि कॉल हिस्ट्री, टेक्स्ट मैसेज, ऐप डेटा के कारण अभी तक उनके लिए पर्याप्त स्टोरेज अब कम पड़ सकता है।




