छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

खाद दुकानों पर कृषि विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त

रिपोर्टर: ब्यूरो रिपोर्ट /लोकेशन: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा जिले में कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2638 बोरी रासायनिक उर्वरक जब्त किए हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां भंडारण और वितरण में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने जिले के विभिन्न निजी कृषि केंद्रों पर छापेमार कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान चांपा स्थित मेसर्स दिशा सेल्स में रासायनिक उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत 1150 बोरी एनपीके, 428 बोरी एसएसपी दानेदार, 630 बोरी एसएसपी पाउडर तथा 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी उर्वरक पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई।

इसके बाद बलौदा विकासखंड के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र में भी जांच की गई। यहां यूरिया, जिंकेटेड एसएसपी, ट्रिपल सुपर फास्फेट और एनपीके उर्वरकों का अवैध भंडारण पाए जाने पर कुल 332 बोरी खाद जब्त की गई तथा विक्रय प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया गया।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button