गौरेला-पेंड्रा-मरवाहीछत्तीसगढ़

पेंड्रा में सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लूटपाट का विरोध करना पड़ा भारी

LOCATION : गौरेला – पेंड्रा / REPORTER NAME : प्रांजल सिंह

पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमी मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तीन अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से एक सराफा दुकान में घुसने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने सोना-चांदी व्यापारी पप्पू उर्फ प्रदीप सोनी को गोली मार दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीन युवक कोटमी बाजार स्थित सराफा दुकान पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बदमाश लूटपाट की नीयत से दुकान में घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान व्यापारी पप्पू उर्फ प्रदीप सोनी ने उनका विरोध किया, जिससे नाराज बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यापारी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। व्यापारी की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके के पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर दी है तथा फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button