कोरबाछत्तीसगढ़

बारिश में बहा संपर्क मार्ग, हाथी प्रभावित गांव में राशन संकट

कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के बनिया ग्राम पंचायत का मुख्य संपर्क मार्ग बह जाने से गांव का संपर्क प्रभावित हो गया है। अब सबसे बड़ी चिंता यह है कि पीडीएस का राशन और अन्य जरूरी सुविधाएं गांव तक कैसे पहुंचेंगी।



बारिश के तेज बहाव में गांव तक जाने वाला मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क बह जाने के कारण वाहनों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का राशन वाहन गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है। यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो राशन वितरण के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

यह क्षेत्र पहले से ही हाथी प्रभावित माना जाता है। ऐसे में वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करना भी ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा है। प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि राशन उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन पर टिकी है। अब देखना होगा कि सड़क की मरम्मत और राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था कितनी जल्दी शुरू होती है, ताकि बारिश के इस मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button