
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये कीमत की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का नेटवर्क रायगढ़, कोरबा, सक्ती और ओडिशा तक फैला हुआ था।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
पूरे मामले का खुलासा कमला नेहरू पार्क के सामने से चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर बाइक की जांच के दौरान हुआ। मुखबिर की सूचना पर मेडिकल कॉलेज रोड से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने रायगढ़, कोरबा, सक्ती के डभरा और मालखरौदा क्षेत्र सहित ओडिशा के बरगढ़ से भी बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में सामने आया कि गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी कर मुख्य रूप से हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था और चोरी के बाद उन्हें दूसरे जिलों एवं राज्यों में बेच देता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं बरामद मोटरसाइकिलों की पहचान कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।




