
लोकेशन – सूरजपुर छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू / मो.- 8435265690
प्रशासन की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद मोर्चा संभाल लिया है। मामला भैयाथान क्षेत्र के डूमरिया से केवरा मार्ग का है, जहां गोबरी नदी पर बने रपटा पुल की अप्रोच रोड वर्षों से अधूरी पड़ी है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। अब व्यवस्था के इंतजार से तंग आकर क्षेत्र के युवाओं ने चंदा जुटाकर सड़क बनाने की पहल शुरू कर दी है।
भैयाथान विकासखंड के डूमरिया से केवरा पहुंच मार्ग के खुटरापारा स्थित गोबरी नदी पर बने रपटा पुल तक पहुंचने के लिए आज भी पक्की अप्रोच रोड नहीं है। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।


ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अप्रोच रोड निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। वर्षों बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
प्रशासन की निष्क्रियता से तंग आकर अब क्षेत्र के युवाओं ने खुद जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया है। युवाओं ने चंदे का डिब्बा लेकर लोगों से सहयोग राशि जुटानी शुरू कर दी है, ताकि जनसहयोग से अप्रोच रोड का निर्माण कराया जा सके। युवाओं का कहना है कि जब जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं, तो जनता को ही आगे आना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि हमने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मजबूरी में हम सब मिलकर चंदा जुटा रहे हैं, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।”
अब बड़ा सवाल यह है कि जब जनता को अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिए खुद चंदा जुटाकर निर्माण कार्य की पहल करनी पड़े, तो जिम्मेदार विभागों और प्रशासन की जवाबदेही आखिर तय कौन करेगा? फिलहाल, क्षेत्र के युवाओं की यह पहल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।




